गीता से सीख: प्रभावी नेतृत्व के तीन महत्वपूर्ण सूत्र
**********
गीता आध्यात्मिक ज्ञान का ग्रंथ होने के साथ-साथ आत्मचिंतन, निर्णय क्षमता, भावनात्मक संतुलन और उत्तरदायी नेतृत्व (Leadership) की महत्वपूर्ण शिक्षा भी देती है। महाभारत के युद्धक्षेत्र में अर्जुन की दुविधा और श्रीकृष्ण का मार्गदर्शन आज के नेतृत्व के संदर्भ में भी प्रासंगिक हैं।
R. Balasubramaniam ने अपनी पुस्तक The Inner Charioteer (प्रकाशक Penguin Random House) में गीता के माध्यम से नेतृत्व के आंतरिक पक्ष और आत्म-विकास के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार किया है। उनके विचारों से प्रेरणा लेते हुए आइए नेतृत्व के तीन महत्वपूर्ण सूत्रों पर विचार करें। इन तीन सूत्रों के माध्यम से हम समझने का प्रयास करेंगे कि एक नेता (Leader) स्वयं को कैसे बेहतर समझ सकता है, अपनी सीमाओं से कैसे सीख सकता है और दूसरों के साथ संवाद एवं सहयोग के माध्यम से प्रभावी नेतृत्व कैसे विकसित कर सकता है।
(1) अपने अंधे धब्बों (Blind Spots) को पहचानें
प्रत्येक व्यक्ति की कुछ ऐसी व्यक्तिगत कमजोरियाँ, धारणाएँ और पूर्वाग्रह होते हैं, जिन्हें वह स्वयं आसानी से नहीं पहचान पाता। व्यक्तिगत लगाव, पक्षपात, अहंकार, असुरक्षा और भावनात्मक कमजोरियाँ हमारे निर्णयों को प्रभावित कर सकती हैं। नेतृत्व को इन अंधे धब्बों को पहचानना आवश्यक है। यदि नेतृत्व अपनी भावनाओं और पूर्वाग्रहों के प्रति सजग नहीं है, तो वह निष्पक्ष निर्णय लेने में असमर्थ हो सकता है। महाभारत में धृतराष्ट्र का पुत्रमोह उनका सबसे बड़ा अंधा धब्बा था। वे दुर्योधन के अनुचित आचरण को समझते थे, लेकिन पुत्र के प्रति अत्यधिक लगाव के कारण उसके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं कर सके। परिणामस्वरूप उनका व्यक्तिगत मोह राजधर्म और न्याय के मार्ग में बाधक बना।
आज के संदर्भ में हम देखते हैं:
- प्रबंधन द्वारा योग्य कर्मचारी की अपेक्षा अपने पसंदीदा कर्मचारी को पदोन्नति देना।
- किसी वरिष्ठ अधिकारी द्वारा अपने निर्णय की आलोचना को सकारात्मक दृष्टिकोण से स्वीकार न करना।
- व्यक्तिगत संबंधों के कारण संगठन में अनुचित व्यवहार की अनदेखी करना।
- भाई-भतीजावाद को बढ़ावा देना।
नेतृत्व के लिए सीख: अपनी कमजोरियों को पहचानें, दूसरों से ईमानदार प्रतिक्रिया (Feedback) प्राप्त करें और निर्णय लेते समय व्यक्तिगत भावनाओं की बजाय निष्पक्षता एवं संगठनात्मक हितों को प्राथमिकता दें।
(2) अपनी कमजोरी और अनिश्चितता को स्वीकार करें
नेतृत्व का अर्थ यह नहीं है कि नेतृत्व को हर प्रश्न का उत्तर पता हो या वह हमेशा सही निर्णय ही ले। संदेह, अनिश्चितता और अपनी सीमाओं को स्वीकार करना कमजोरी नहीं, बल्कि आत्म-जागरूकता और परिपक्वता का संकेत है। महाभारत में अर्जुन युद्धभूमि में अपनी मानसिक स्थिति और निर्णय संबंधी असमर्थता को स्वीकार करते हैं। गीता के अध्याय 2, श्लोक 7 में वे श्रीकृष्ण से कहते हैं: "कार्पण्यदोषोपहतस्वभावः पृच्छामि त्वां धर्मसम्मूढचेताः।" अर्जुन स्वीकार करते हैं कि उनका स्वभाव और विवेक दुविधा से प्रभावित हो गए हैं। वे श्रीकृष्ण को अपना मार्गदर्शक बनाकर उनसे उचित मार्गदर्शन माँगते हैं।
आज के संदर्भ में:
- संगठन का प्रमुख यह स्वीकार करे कि उसे नई डिजिटल तकनीक या AI के बारे में पर्याप्त जानकारी नहीं है।
- किसी परियोजना में अपेक्षित परिणाम न मिलने पर प्रबंधक अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करे।
- किसी जटिल समस्या के समाधान के लिए विशेषज्ञों की सहायता लेने में संकोच न करे।
नेतृत्व के लिए सीख: अपनी सीमाओं को पहचानें, गलतियों से सीखें, आवश्यकतानुसार सहायता और मार्गदर्शन लें। सीखने की इच्छा और अपनी कमियों को स्वीकार करने का साहस प्रभावी नेतृत्व की पहचान है।
(3) संवाद प्रारम्भ करें और सहयोग प्रोत्साहित करें
सच्चा नेतृत्व केवल आदेश देने या निर्देश जारी करने तक सीमित नहीं होता। यह खुला संवाद, विचारों का आदान-प्रदान, दूसरों को सुनने और सामूहिक रूप से समस्याओं का समाधान खोजने की प्रक्रिया है। गीता में श्रीकृष्ण और अर्जुन के बीच हुआ संवाद इसका उत्कृष्ट उदाहरण है। श्रीकृष्ण अर्जुन को केवल आदेश नहीं देते, बल्कि अर्जुन द्वारा पूछे प्रश्नों का उत्तर देते हैं, विभिन्न दृष्टिकोण समझाते हैं और उन्हें विचार करने का अवसर देते हैं। गीता के अध्याय 18, श्लोक 63 में श्रीकृष्ण कहते हैं: "विमृश्यैतदशेषेण यथेच्छसि तथा कुरु।" अर्थात् इस ज्ञान पर पूरी तरह विचार करने के बाद जैसी तुम्हारी इच्छा हो, वैसा करो। यह संवाद, चिंतन और स्वतंत्र निर्णय की महत्ता को दर्शाता है।
आज के प्रबंधन में:
- संगठन में कर्मचारियों के साथ नियमित संवाद और विचार-विमर्श की व्यवस्था कर सकते हैं।
- ऐसा वातावरण बना सकते हैं जहाँ कर्मचारी बिना भय के अपनी समस्याएँ और असहमति व्यक्त कर सकें।
- निर्णय लेने से पहले संबंधित योग्य व्यक्तियों के अनुभव और सुझाव प्राप्त कर सकते हैं।
- युवा कर्मचारियों को अनुभवी कर्मचारी/अधिकारी से सीखने के अवसर उपलब्ध करा सकते हैं।
नेतृत्व को भी अपने लिए मार्गदर्शक (Mentors) तलाशने चाहिए और साथ ही दूसरों के लिए मार्गदर्शक की भूमिका निभानी चाहिए। नेतृत्व को भी नया सीखने के लिए तैयार रहना चाहिए।
नेतृत्व के लिए सीख: खुला संवाद संगठन में आपसी विश्वास बढ़ाता है, सहयोग सामूहिक क्षमता को विकसित करता है और विचारों की विविधता बेहतर निर्णय लेने में सहायता करती है।
सार
गीता हमें यह ज्ञान देती है कि प्रभावी नेतृत्व की शुरुआत स्वयं को समझने से होती है। अपनी कमजोरियों और पूर्वाग्रहों को पहचानना, अपनी सीमाओं को स्वीकार करना तथा दूसरों के साथ खुला संवाद स्थापित करना हमारे नेतृत्व को अधिक प्रभावी और उत्तरदायी बनाता है। अर्जुन की दुविधा, धृतराष्ट्र का पुत्रमोह और श्रीकृष्ण का मार्गदर्शन हमें नेतृत्व के तीन अलग-अलग पक्षों को समझने में सहायता करते हैं। अंततः, प्रभावी नेतृत्व का आधार केवल अधिकार और कार्यकुशलता नहीं, बल्कि आत्म-जागरूकता, विनम्रता, विवेक, संवाद और नैतिक साहस है। गीता का संदेश है—पहले स्वयं को पहचानें, अपनी सीमाओं को स्वीकार करें, दूसरों से सीखें और फिर विवेकपूर्ण निर्णय लेकर अपने कर्तव्य का पालन करें। यही प्रभावी नेतृत्व की दिशा है।
सादर,
केशव राम सिंघल
